हरियाणा में दुष्कर्म और हत्याओं के सिलसिलेवार मामलों से विपक्ष के निशाने पर आई सरकार को राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने भी झटका दिया है। प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए बृहस्पतिवार को सोलंकी ने डीजीपी बीएस संधू को राजभवन तलब किया।
हरियाणा पुलिस ने एक बार फिर ऑपरेशन दुर्गा शुरू कर दिया है।बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने 23 पुलिस जिलों में 177 स्थानों पर औचक छापामारी की। 107 चालान मनचलों के काटे। 12 मामले दर्ज किए गए हैं, इनमें से 7 गुरुग्राम और पांच फरीदाबाद में दर्ज हुए हैं। 441 असामाजिक तत्वों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। डीजीपी बीएस संधू ने कहा कि लगभग एक घंटे राज्यपाल से मुलाकात हुई। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी गई।
डीजीपी की राज्यपाल से मुलाकात के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की कार्यकारी चेयरपर्सन रेखा शर्मा पंचकूला स्थित हरियाणा पुलिस मुख्यालय पहुंच गईं। उन्होंने पुलिस से दुष्कर्म की घटनाओं के बाद हुई कार्रवाई का ब्योरा लिया। डीजीपी बीएस संधू ने कहा कि महिलाओं के सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ किया गया है, दिन-रात गश्त बढ़ाई गई है।